हाथरस। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी एवं पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सहयोग से राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारियों के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन सीएमओ कार्यालय सभागार में किया गया। कार्यशाला में एचआईवी-एड्स की वर्तमान स्थिति, 95-95-95 लक्ष्य, एचआईवी स्क्रीनिंग, परामर्श एवं परीक्षण सेवाओं, सिफलिस प्रबंधन, सह-संक्रमण, वायरल लोड मॉनिटरिंग तथा समुदाय आधारित रोकथाम सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान एचआईवी एवं एड्स अधिनियम, 2017 के कानूनी प्रावधानों, भेदभाव की रोकथाम तथा अधिकार आधारित दृष्टिकोण पर भी चर्चा की गई। मास्टर ट्रेनर डॉ. मनीष शर्मा सहित विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को एचआईवी कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण दिया। कार्यशाला में सीएमओ डॉ. वेदप्रकाश, डॉ. आरएन सिंह, डॉ. राजीव गुप्ता, डॉ. मधुर कुमार, डॉ. प्रवीण भारती, डॉ. एमआई आलम, डॉ. राजीव राय सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Jansaamna