पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। ऊंचाहार में चल रही श्री शिव महापुराण कथा के पंचम दिवस गुरुवार को आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि कथा स्थल से लेकर आसपास के मैदान और संपर्क मार्ग तक शिवभक्तों से पट गए। पं. प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से भगवान शिव की महिमा और सनातन संस्कृति का संदेश सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। विशाल पंडाल में जगह कम पड़ने पर लोगों ने आसपास बैठकर कथा का श्रवण किया। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया। कथा के दौरान पं. प्रदीप मिश्रा ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि महादेव सनातन जीवन-दर्शन के आधार हैं। शिवभक्ति मनुष्य को त्याग, तपस्या, संयम, करुणा और लोककल्याण की राह दिखाती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान शिव के प्रति आस्था को केवल पूजा तक सीमित न रखते हुए जीवन और आचरण का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर शिव महापुराण का श्रवण करते रहे।
शिव महापुराण कथा के पंचम दिवस तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल भी कथा स्थल पहुंचे। उन्होंने पं. प्रदीप मिश्रा से आशीर्वाद लिया और भगवान महादेव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। राज्यपाल ने कहा कि सनातन संस्कृति भारत की आत्मा है और भगवान शिव त्याग, तपस्या, करुणा एवं लोककल्याण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक कथाएं समाज को संस्कारों से जोड़ने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। राज्यपाल ने ऊंचाहार में आयोजित इस विशाल धार्मिक आयोजन के लिए कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मंत्री के साथ अपने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों के बीच लंबे समय से आत्मीयता और विश्वास का रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा, संकल्प और समर्पण के साथ ऊंचाहार में इतने बड़े आयोजन को साकार करना सराहनीय है।
कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि ऊंचाहार में शिव महापुराण कथा का आयोजन क्षेत्र की जनता की भगवान महादेव के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी सनातन आस्था की जीवंत शक्ति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल कथा तक सीमित नहीं है, बल्कि भक्ति, सेवा, संस्कार और सनातन संस्कृति का विराट संगम बन गया है। कथा में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी, राज्यमंत्री मनोहर लाल कोरी, लोक गायिका एवं पद्मश्री मालिनी अवस्थी, वरिष्ठ आईएएस वेदपति मिश्र, विधायक सुभाष त्रिपाठी, विधायक पूनम संघवार, सांसद अशोक रावत, विधायक संजय कुमार जायसवाल तथा पूर्व विधायक हरिओम यादव समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं विशिष्टजन मौजूद रहे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा और स्वच्छता की व्यवस्थाएं की गईं। पुलिस एवं प्रशासनिक अमला भी व्यवस्थाओं पर नजर रखता रहा। कथा के पंचम दिवस ऊंचाहार में आस्था और भक्ति का विशाल स्वरूप देखने को मिला।
Jansaamna