फिरोजाबाद। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के तत्वावधान में तीन दिवसीय दिव्य गीता सत्संग का आयोजन 20 से 22 सितंबर तक नगर के पॉलीवाल हॉल में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जीओ गीता के प्रदेश युवा प्रभारी अभिषेक मित्तल क्रांति ने बताया कि 20 से 22 सितंबर तक प्रतिदिन अपराह्न 3:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक परम पूज्य गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के श्रीमुख से श्रद्धालुओं को दिव्य गीता सत्संग एवं ज्ञानवर्धक प्रवचनों का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम संयोजक अजय जिंदल ने कहा कि आज का मानव जीवन भागदौड़, व्यग्रता और मानसिक अशांति के दौर से गुजर रहा है। भौतिक सुख-सुविधाओं के बावजूद मनुष्य भीतर से अकेला और अशांत महसूस कर रहा है। ऐसे समय में श्रीमद्भगवद्गीता के सार्वभौमिक एवं दिव्य संदेश समाज को सही दिशा दिखाने के साथ जीवन जीने की कला सिखा सकते हैं।
संयोजक विनय कुमार गोयल ने बताया कि सत्संग के साथ 21 और 22 सितंबर को सुबह सात बजे से विशेष ध्यान साधना सत्र का आयोजन किया जाएगा। दिनेश अग्रवाल ने बताया कि इन सत्रों में श्रद्धालुओं एवं साधकों को व्यावहारिक योग, प्राणायाम और ध्यान साधना का अभ्यास कराया जाएगा, ताकि वे व्यस्त जीवन में मानसिक तनाव से राहत पाकर आंतरिक एवं आत्मिक शांति का अनुभव कर सकें। संयोजक राजू मित्तल ने बताया कि 22 सितंबर को शाम 6:30 बजे से विशाल सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें कंठस्थ कला केंद्र, बिजनौर के राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का भव्य मंचन किया जाएगा। मंचन में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, बाल लीलाओं, माखन चोरी, कंस वध से लेकर महाभारत युद्ध के विभिन्न प्रसंगों तथा कुरुक्षेत्र की भूमि पर श्रीकृष्ण-अर्जुन संवाद को प्रस्तुत किया जाएगा। वार्ता के दौरान शंकर गुप्ता, दीपक बंसल, मनोज गुप्ता आदि मौजूद रहे।
Jansaamna