Friday, September 18, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » भारत का सेमीकंडक्टर अपने सफर के दूसरे चरण में पहुंचा : मोदी

भारत का सेमीकंडक्टर अपने सफर के दूसरे चरण में पहुंचा : मोदी

कविता पंत: नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत ने अपने सेमीकंडक्टर सफर के दूसरे चरण में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश ने चार वर्षों में इसे हासिल कर लिया है, जिसे हासिल करने में दुनिया को आमतौर पर एक दशक लग जाता है। राजधानी के यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन करते हुए मोदी ने कहा कि भारत अब सेमीकंडक्टर क्षमता निर्माण से वाणिज्यिक चिप उत्पादन की ओर अग्रसर है। भारत की व्यापक वैश्विक भागीदारी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन ने भारत में दुनिया के बढ़ते विश्वास को भी प्रतिबिंबित किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का सेमीकंडक्टर क्षेत्र में विकास अब एक नए चरण में प्रवेश कर रहा है, जिसमें वाणिज्यिक उत्पादन, कुशल मानव संसाधन और संपूर्ण मूल्य श्रृंखला के एकीकरण पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की सेमीकंडक्टर यात्रा एक सतत प्रक्रिया है और चिप निर्माण एक “कभी न खत्म होने वाली यात्रा” है। उन्होंने कहा कि चिप डिजाइन, निर्माण और संबंधित प्रौद्योगिकियों में भारत की बढ़ती क्षमताएं देश पर वैश्विक विश्वास बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि सेमीकॉन इंडिया में वैश्विक कंपनियों की उपस्थिति भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम में बढ़ते भरोसे को दर्शाती है। प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए युवा प्रतिभाओं के विकास पर भारत के फोकस को भी रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों को चिप डिजाइन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है और उन्हें स्वयं चिप डिजाइन करने के अवसर मिल रहे हैं, जो देश की सेमीकंडक्टर महत्वाकांक्षाओं में भारत के युवाओं की भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने विनिर्माण इकोसिस्टम के निर्माण के एक महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में माल ढुलाई गलियारों के विकास सहित भारत के बुनियादी ढांचे और लॉजिस्टिक्स विस्तार पर भी प्रकाश डाला।

मोदी ने कहा कि यह ऐसा क्षेत्र नहीं है, जहां आप एक कारखाना स्थापित कर दें और काम हो जाए। दुनिया में जहां भी सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का निर्माण हुआ है, वह दशकों की कड़ी मेहनत के बाद ही साकार हो पाया है। लेकिन भारत ने सबके सहयोग से चिप डिजाइन, निर्माण, उपकरण निर्माण, सामग्री इकोसिस्टम, परीक्षण क्षमता आदि क्षेत्रों में एक साथ काम किया है और सफलता प्राप्त की है। 17 से 19 सितंबर तक आयोजित हो रहे सेमीकॉन इंडिया 2026 में 52 देशों की 600 से अधिक कंपनियां और प्रतिनिधि एक साथ आए हैं। यह आयोजन “सिलिकॉन से सिस्टम तक: इकोसिस्टम का निर्माण” विषय के तहत आयोजित किया जा रहा है।