Friday, September 18, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आरेडिका में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया विश्वकर्मा पूजन

आरेडिका में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया विश्वकर्मा पूजन

रायबरेली। आरेडिका में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा विधि-विधान के साथ हर्षोल्लास भरे माहौल में संपन्न हुई। महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने सभी प्रधान मुख्य विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ-कनिष्ठ अधिकारियों तथा कर्मचारी प्रतिनिधि यूनियनों और एसोसिएशनों के साथ मिलकर पूजा-अर्चना की और कारखाने की उन्नति, विकास एवं सुरक्षा की कामना की। इस दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों ने हवन में आहुतियां देकर विश्व शांति और कल्याण के लिए प्रार्थना की। पूजा कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी भी खास रही। आरेडिका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष कंचना रामन ने संगठन की अन्य सदस्यों के साथ भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा की। कारखाने के विभिन्न विभागों में कर्मचारियों ने सुबह से ही अपने-अपने कार्यस्थलों की साफ-सफाई कर भगवान विश्वकर्मा की तस्वीर को माला-फूलों से सजाया और औजारों तथा मशीनों की पूजा की। दिनभर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पहलू रहा कारखाना परिसर में लगाया गया विशाल भंडारा, जिसमें कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारजनों और संविदा कर्मियों ने भी भोजन प्रसाद ग्रहण किया। विश्वकर्मा पूजा समिति ने आगंतुकों के लिए प्रसाद वितरण के साथ बैठने की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की, ताकि किसी को असुविधा न हो। भारी भीड़ को देखते हुए आरेडिका प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल ने आवागमन के लिए विशेष प्रबंध किए, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका और आगंतुकों को किसी तरह की अव्यवस्था का सामना नहीं करना पड़ा।