पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। ऊंचाहार में चल रही पंडित प्रदीप मिश्रा की श्री शिवमहापुराण कथा के छठवें दिन शुक्रवार को आस्था और राजनीति दोनों एक साथ चरम पर दिखीं। लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत आधा दर्जन से अधिक मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने आयोजन को दिनभर सुर्खियों में रखा। कथास्थल पर उमड़ी भीड़ का आलम यह रहा कि मुख्य पंडाल श्रद्धालुओं के लिए छोटा पड़ गया और आसपास की सड़कों, गलियों व चौराहों तक लोग जमा हो गए। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा इलाका गूंजता रहा, वहीं प्रशासन को दिनभर भीड़ और यातायात नियंत्रित करने में पसीना बहाना पड़ा।
व्यासपीठ से पंडित प्रदीप मिश्रा ने शिव भक्ति के साथ सेवा और संस्कार का संदेश दिया, जिसे सुनने के लिए घंटों पहले से श्रद्धालु डेरा डाले बैठे रहे। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कथा सुनी और आयोजन को लेकर संतोष जताया, साथ ही इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रयासों की सराहना की। धार्मिक मंच से राजनीतिक बयानबाजी भी छिपी नहीं रह सकी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या और काशी के मुद्दे को छेड़ते हुए कृष्ण जन्मभूमि का जिक्र कर दिया, उन्होंने अयोध्या और काशी का उल्लेख करते हुए “अयोध्या-काशी हुई हमारी, अब कृष्ण जन्मभूमि की बारी” की बात कही। उन्होंने आयोजन की भव्यता को लेकर मंत्री पांडेय की तारीफ भी की। वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कथा सुनने के बाद पंडित मिश्रा से आशीर्वाद लिया और भीड़ के प्रबंधन को सराहा।
“यह मेरा नहीं, जनता का आयोजन” – मनोज कुमार पांडेय
मेजबान कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय इस मौके पर भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि ऊंचाहार उनके लिए महज एक क्षेत्र नहीं बल्कि परिवार जैसा है और यहां की जनता से मिला स्नेह वह कभी नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने इस आयोजन का श्रेय खुद को नहीं बल्कि क्षेत्र की जनता और शिवभक्तों को दिया।
मंच पर लगा नेताओं का जमावड़ा
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, सुरेश खन्ना, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, वन मंत्री अरुण सक्सेना, राज्यमंत्री रजनी तिवारी व सुरेश राही, मंत्री दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ के अलावा राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, विधायक सुरेश कुमार, अरविंद कुमार सिंह, राजमणि, महेंद्र पाल सिंह समेत कई विधायक, एमएलसी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
Jansaamna