रायबरेली। एनटीपीसी ऊँचाहार परियोजना में शुक्रवार को विश्वकर्मा दिवस पूरे विधि-विधान और उल्लास के साथ मनाया गया। परियोजना प्रमुख विश्व मोहन सिंह ने स्वयं भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर महाप्रबंधक (संचालन एवं अनुरक्षण) दिलीप कुमार साहू भी विशेष रूप से मौजूद रहे। पूजा में परियोजना के विभिन्न विभागों के अध्यक्षों ने भी शिरकत की। देखते ही देखते यह आयोजन पूरे परिसर में फैल गया, जब सभी विभागों में एक साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा शुरू हो गई। मशीनों और औजारों को फूल-मालाओं से सजाया गया और कर्मचारियों ने अपने कार्यस्थलों पर ही पूजा-अर्चना की।
बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी इस आयोजन में शामिल हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने तकनीकी उत्कृष्टता, कार्यकुशलता और सुरक्षित कार्य संस्कृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जो एनटीपीसी ऊँचाहार जैसे बड़े ऊर्जा संयंत्र के सुचारू संचालन के लिए अहम मानी जाती है। अधिकारियों ने बताया कि विश्वकर्मा दिवस हर साल संयंत्र में परंपरागत रूप से मनाया जाता रहा है, और यह दिन कर्मचारियों को उनकी मेहनत, समर्पण और तकनीकी प्रगति के महत्व की याद दिलाता है। समारोह शाम तक चला, जिसमें कर्मचारियों का उत्साह देखते ही बनता था।
Jansaamna