Friday, September 18, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » अज्ञात वाहन की टक्कर से बहरूपिया कलाकार की मौत

अज्ञात वाहन की टक्कर से बहरूपिया कलाकार की मौत

फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र के जहांगीरपुर गेलरई निवासी 27 वर्षीय बाबू नागर की सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार रात राजपुर से पैदल घर लौटते समय किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गुरुवार सुबह घायल अवस्था में मिलने के बाद पुलिस और परिजन उसे उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बाबू नागर पुत्र रमेश शादी-विवाह समारोहों में बहरूपिया का भेष बनाकर लोगों का मनोरंजन करता था। इसी के माध्यम से भिक्षा मांगकर वह अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात वह राजपुर से पैदल घर लौट रहा था। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गुरुवार सुबह करीब सात बजे वह घायल अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजन उसे सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे।

परिजनों का आरोप है कि ट्रॉमा सेंटर पहुंचने के बाद घायल बाबू के उपचार को लेकर उन्हें इधर-उधर भेजा जाता रहा। पहले उसे सर्जरी वार्ड भेजा गया और वहां से सीटी स्कैन कराने के लिए भेज दिया गया। परिजनों का कहना है कि इस दौरान उन्हें उपचार और दवाओं को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ा। उनका आरोप है कि समय से उपचार नहीं मिल पाने के कारण बाबू की हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने अस्पताल की उपचार व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है।