Friday, September 18, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सुहागनगरी में धूमधाम से निकली भगवान विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा

सुहागनगरी में धूमधाम से निकली भगवान विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा

फिरोजाबाद। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर भगवान विश्वकर्मा एवं मैथिल कोकिल कवि विद्यापति की भव्य शोभायात्रा गुरुवार को गाजे-बाजे के साथ राधाकृष्ण मंदिर से निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियों और बैंडों की धार्मिक धुनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा का शुभारंभ सदर विधायक मनीष असीजा ने फीता काटकर एवं हरी झंडी दिखाकर किया। महापौर कामिनी राठौर, भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर, शोभायात्रा अध्यक्ष रामबाबू झा, संरक्षक भगवान सिंह झा और सेठ राम अवतार झा ने भगवान विश्वकर्मा की आरती उतारी, जिसके बाद शोभायात्रा रवाना हुई। शोभायात्रा राधाकृष्ण मंदिर से प्रारंभ होकर घंटाघर, सेंट्रल चौराहा, बर्फखाना चौराहा, पुराना डाकखाना और रामलीला चौराहा होते हुए कोटला रोड स्थित ब्लू हैबिन मैरिज होम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

शोभायात्रा में भगवान विश्वकर्मा का मुख्य डोला आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा राम दरबार, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, खाटू श्याम, मां दुर्गा, भगवान गणेश और भगवान नरसिंह की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। कलाकार राहुल छबीला की ओर से प्रस्तुत भगवान महाकाल और राधा-कृष्ण की जीवंत झांकियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कलाकारों ने भक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आगरा के किशोर बैंड के साथ फिरोजाबाद के बसंत बैंड और खाटू श्याम बैंड ने धार्मिक धुनों और भजनों की प्रस्तुतियों से माहौल में भक्ति का रंग घोल दिया। कार्यक्रम के दौरान टूंडला से जगदीश प्रसाद झा, अनिल प्रधान, सुग्रीव झा और महेंद्र सिंह झा, सिरसागंज से अवनीश झा, चंद्रपाल झा, रामनरेश झा और लालाराम झा तथा शिकोहाबाद से नगर अध्यक्ष संजय झा, मनोज झा और सर्वेश कुमार शर्मा सहित अन्य लोगों का माला और साफा पहनाकर सम्मान किया गया। शोभायात्रा में सेठ सुखबीर शर्मा, सेठ रुमाल सिंह झा, ओमप्रकाश शर्मा, शैलेश झा, रामशंकर शर्मा मुनीम, प्रेमचंद शर्मा, राधेश्याम शर्मा, सुरेंद्र सावन झा, प्रदीप कुमार नंदू, कैलाश ओझा, रवि कुमार झा, नंदकिशोर शर्मा, संजय शर्मा, अजय शर्मा, अखिलेश शर्मा, राजेश झा प्रधान, वेद प्रकाश झा, सत्य प्रकाश शर्मा, अरविंद शर्मा, राम अवतार झा, राकेश बाबू शर्मा, रामकेश झा, श्याम सुंदर उपाध्याय, राजकुमार झा, अनिल झा, दीपक गुप्ता कालू आदि मौजूद रहे।