Friday, September 18, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » गली निर्माण की मांग को लेकर महिलाओं ने बंबा बाईपास पर लगाया जाम

गली निर्माण की मांग को लेकर महिलाओं ने बंबा बाईपास पर लगाया जाम

फिरोजाबाद। वार्ड नंबर 29 स्थित बघेल कॉलोनी और प्रकाश नगर में गली निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार को क्षेत्रीय लोगों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने बंबा बाईपास पर पहुंचकर जाम लगा दिया। महिलाओं ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लंबे समय से बदहाल गलियों का निर्माण कराने की मांग की। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि उनकी गलियां वर्षों से बदहाल हैं। जगह-जगह गड्ढे होने के साथ जलभराव की समस्या भी बनी रहती है। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

लोगों का आरोप है कि जिन गलियों का निर्माण पहले से प्रस्तावित नहीं था, वहां काम कराया जा रहा है, जबकि जिन गलियों के निर्माण की मांग क्षेत्रीय लोग लंबे समय से कर रहे हैं, उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। आक्रोशित महिलाओं ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार नगर निगम के अधिकारियों के साथ ही विधायक और महापौर से भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। क्षेत्रीय लोगों ने यह भी चिंता जताई कि यदि आगे वाली गली का निर्माण पहले करा दिया गया तो पीछे की गलियां अपेक्षाकृत नीचे हो जाएंगी। इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है।

जाम की सूचना मिलते ही काकरऊ कोठी चौकी प्रभारी, थाना उत्तर प्रभारी और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और क्षेत्रीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोल दिया, जिसके बाद बंबा बाईपास पर यातायात सुचारू हो सका।