हाथरस। दाऊजी महाराज के 115वें लक्खी मेले के अवसर पर गुरुवार को आयोजित अखिल भारतीय कुश्ती दंगल में पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने 85 किलोग्राम भार वर्ग के पहलवानों की कुश्ती का विधिवत शुभारंभ कराते हुए पहलवानों का हौसला बढ़ाया। मंच से बोलते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कुश्ती के बदलते स्वरूप पर बात की। उन्होंने कहा कि समय के साथ कुश्ती के नियमों में बदलाव जरूरी हो गया है और इस बार दंगल को खासतौर पर यूथ और Gen Z पीढ़ी को समर्पित किया गया है। उन्होंने बताया कि पहले चित-पट के आधार पर होने वाली कुश्ती अब दुनियाभर में प्वाइंट सिस्टम पर आधारित हो चुकी है, इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार दंगल में WFI के नियमों के तहत मुकाबले कराए जाने का फैसला लिया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में ट्रेडिशनल रेसलिंग को भी ओलंपिक तक पहुंचाया जा सकता है और आयोजकों से अलग-अलग भार वर्ग के पहलवानों को समान सम्मान व पुरस्कार देने की अपील की।
पतंजलि विवाद पर फिर बोले बृजभूषण
कार्यक्रम के दौरान मीडियाकर्मियों ने जब उनसे पतंजलि से जुड़े मानहानि मामले पर सवाल किया, तो बृजभूषण शरण सिंह ने अपने पुराने रुख से पीछे हटने के बजाय पतंजलि उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर लगाए गए आरोपों को दोहराया और कंपनी पर फिर निशाना साधा। गौरतलब है कि पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने उनके बयानों को आधार बनाकर 50 करोड़ रुपये का मानहानि का दावा ठोका है। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई 15 सितंबर को हुई थी और अगली सुनवाई 18 सितंबर को होनी है।
मोदी के जन्मदिन पर कटा केक, जुटे कई नेता
दंगल स्थल पर इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में केक भी काटा गया। कार्यक्रम में सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, भाजपा ब्रज क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण राज सिंह, हसायन ब्लॉक प्रमुख डीपी सिंह के अलावा दंगल अध्यक्ष संतोष शर्मा, संयोजक विपुल गौड़, सूर्य प्रताप, विकास भारद्वाज, मुकेश चौहान, अशोक शर्मा, सुमित शर्मा, संदीप जादौन, सुभाष उपाध्याय, प्रशांत शर्मा और जय शर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Jansaamna