आगरा/मथुरा। भारतीय रेलवे द्वारा चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के नेतृत्व में आगरा मंडल में विभिन्न स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की थीम पर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, 18 सितंबर 2026 को आगरा कैंट स्टेशन एवं मंडल कार्यालय परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता के महत्व, सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने, कचरे के उचित निस्तारण तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के साथ ही विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने स्वच्छता, स्वच्छ रेलवे परिसर एवं स्वच्छ भारत की संकल्पना को अपनी रचनात्मकता के माध्यम से चित्रों में उकेरा। इस प्रतियोगिता के ज़रिए विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया। ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के दौरान आगरा मंडल के अधिकारी, कर्मचारी एवं हितधारक स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेंगे। इस अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ-साथ स्वच्छता को एक जन-आंदोलन का स्वरूप देना तथा हर व्यक्ति को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान आगरा मंडल के पर्यावरण एवं गृहव्यवस्था विभाग के समन्वय से संचालित किया जा रहा है।
Jansaamna