रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली के चिकित्सालय की ओर से 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक ‘पोषण माह’ मनाया जा रहा है। इस दौरान कर्मचारियों, महिलाओं और बच्चों में पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 10 सितंबर को ऐहार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भ्रमण कर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया गया। इस अवसर पर बच्चों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने वाले खिलौनों का वितरण भी किया गया। 12 एवं 15 सितंबर को ज्ञानदा बाल मंदिर में दो दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
16 सितंबर को आरेडिका चिकित्सालय परिसर में महिलाओं के लिए ‘बच्चों में कुपोषण दूर करने में पौष्टिक आहार का महत्व एवं मातृ स्वास्थ्य में स्थानीय खाद्य एवं पोषण वाटिका की भूमिका’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पोषण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में कुल 15 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
18 सितंबर को बच्चों को कुपोषण से बचाने तथा पौष्टिक आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘सस्ता एवं प्रोटीन युक्त नाश्ता’ विषय पर रेसिपी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें 16 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न पौष्टिक एवं प्रोटीन युक्त व्यंजन प्रस्तुत किए। इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती कंचना रामन मुख्य अतिथि एवं प्रतियोगिता की मुख्य निर्णायक के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए संतुलित एवं पौष्टिक आहार को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया। पोषण माह के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के साथ बच्चों और महिलाओं में संतुलित आहार, कुपोषण की रोकथाम, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। चिकित्सालय की ओर से पोषण माह के दौरान आगे भी विभिन्न जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Jansaamna