हाथरस। पर्यूषण पर्व के दूसरे दिन शहर के जैन मंदिरों में भक्ति और धार्मिक उल्लास का माहौल रहा। विभिन्न मंदिरों में नित्य पूजा-अर्चना के साथ अभिषेक, शांतिधारा, सामूहिक पूजन और आरती का आयोजन किया गया। रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भक्ति प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुईं। हलवाई खाना स्थित पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में पं. विशाल वैद के निर्देशन में दशलक्षण महापर्व के दूसरे दिन उत्तम मार्दव धर्म मनाया गया। श्रद्धालुओं ने अभिषेक, शांतिधारा, सामूहिक पूजन और महामंडल विधान में भाग लिया। इस दौरान श्रावकों ने मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर डिजिटल फास्टिंग का संकल्प लिया। प्रथम शांतिधारा मनीष जैन रंग वाले और द्वितीय शांतिधारा राहुल जैन ने ली।
नयागंज स्थित ठाकुर नेमीनाथ दिगंबर जैन मंदिर में विवेक जैन शास्त्री के सानिध्य में अभिषेक कराया गया। शांतिधारा की बोली अमित जैन गणेश सिटी और अध्यापक मनोज जैन ने ली। नयाबांस स्थित चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर अतिशय क्षेत्र में हिमांशु जैन ने पूजन कराया। प्रथम अभिषेक की बोली जैन नवयुवक सभा एवं मंदिर कमेटी के अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने ली। इस अवसर पर राकेश जैन, कमलेश जैन, उमेश चंद्र जैन, संजीव जैन, अनूप जैन, कैलाश चंद जैन, सुमत कुमार जैन, सुभाष चंद्र जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Jansaamna