रायबरेली। सेवानिवृत्त शिक्षक कल्याण परिषद, जिला रायबरेली की मासिक बैठक पेंशनर भवन, कोषागार परिसर में आयोजित की गई। बैठक में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ सभी ब्लॉकों के अध्यक्ष, मंत्री एवं संगठन के जिम्मेदार पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता परिषद के संरक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष संत बख्श सिंह ने की। बैठक में कृष्ण किशोर शुक्ला, गणेश बख्श सिंह मंत्री, गया बख्श सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री कृपा शंकर द्विवेदी, जिला कोषाध्यक्ष बालकृष्ण चौधरी, संतोष सिंह और गया शंकर त्रिवेदी ने अपने विचार व्यक्त किए। अध्यक्ष डलमऊ गया बख्श सिंह ने पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 से 2012 तक 30 जून को सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों का नोशनल इंक्रीमेंट संबंधित खातों में भेज दिया गया है। वहीं, वर्ष 2013 से 2015 तक के नोशनल इंक्रीमेंट का कार्य प्रगति पर है। नोशनल इंक्रीमेंट का कार्य देख रहे सेवानिवृत्त शिक्षक रामविलास ने वर्ष 2013 से 2015 तक के नोशनल इंक्रीमेंट की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लेखा कार्यालय के स्तर से इसका शीघ्र निस्तारण संभव है। जिलाध्यक्ष विक्रमाजीत सिंह ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के देयकों एवं आठवें वेतन आयोग और कैशलेस सुविधा से संबंधित विषयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाए रखना ब्लॉक स्तर के सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों का कर्तव्य है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे संत बख्श सिंह ने कहा कि एक-एक शिक्षक के जुड़ने से संगठन मजबूत बनता है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त शिक्षक साथियों को आशीर्वाद देते हुए संगठन में विश्वास बनाए रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर कृष्ण नारायण पांडे, मोहम्मद अयूब खान, राम जूठन गुप्ता, रसूल अहमद, संतोष सिंह, मीडिया प्रभारी मोहम्मद इस्माइल खान सहित अधिकांश ब्लॉकों के अध्यक्ष, मंत्री एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक प्रातः 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चली।
Jansaamna