Sunday, September 20, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » डीएम और एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में हुआ संपूर्ण समाधान दिवस

डीएम और एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में हुआ संपूर्ण समाधान दिवस

चंदौली। आमजन की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से चकिया तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।

समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास एवं भूमि विवाद से संबंधित कुल 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से सात मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं पांच मामलों में जांच के लिए टीम गठित की गई, जबकि शेष शिकायतों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपा गया। भूमि विवाद से संबंधित मामलों में भूमि की पैमाइश, अवैध कब्जे तथा राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े संयुक्त मामलों को प्राथमिकता देते हुए त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जल निकासी की समस्या को लेकर बारिश एवं जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में समुचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित निकायों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं रखरखाव कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने और आवश्यकतानुसार तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शिकायत के निस्तारण में लापरवाही या फर्जी रिपोर्ट लगाए जाने का मामला सामने आने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। समाधान दिवस में ईशापुर कला स्थित सामुदायिक शौचालय के केयरटेकर ने मानदेय का भुगतान न होने की शिकायत की। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। जांच में पूर्व सचिव की लापरवाही के कारण भुगतान लंबित होने की बात सामने आई। इस पर डीपीआरओ ने वर्तमान सचिव एवं ग्राम प्रधान को आवश्यक कार्रवाई करते हुए बकाया मानदेय का भुगतान जल्द कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा की और थानों से जुड़े प्रकरणों का निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, डीसी मनरेगा, उप जिलाधिकारी चकिया, क्षेत्राधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास), अधिशासी अभियंता विद्युत, नायब तहसीलदार सहित राजस्व, विकास, विद्युत एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।