Sunday, September 20, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ‘वाराणसी से वडनगर जल, जन और सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ का रायबरेली में स्वागत

‘वाराणसी से वडनगर जल, जन और सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ का रायबरेली में स्वागत

रायबरेली। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शनिवार को रायबरेली में ‘वाराणसी से वडनगर जल, जन और सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ के सेवायात्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात दिनेश प्रताप सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ यात्रा में शामिल बाइकर्स का स्वागत किया। उन्होंने सेवायात्रियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जलपान कराया और यात्रा के सफल एवं उद्देश्यपूर्ण संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।

उद्यान मंत्री ने कहा कि यह यात्रा सेवा, जनसंपर्क और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उनके अनुसार, यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से जुड़े जनसेवा, सुशासन, विकास एवं राष्ट्रनिर्माण के कार्यों और उपलब्धियों का संदेश विभिन्न क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचाया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, ‘वाराणसी से वडनगर जल, जन और सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ में कुल 600 बाइकर्स प्रतिभाग कर रहे हैं। यह यात्रा सात राज्यों से होकर विभिन्न गांवों एवं क्षेत्रों से गुजरेगी। यात्रा का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों से संवाद स्थापित करते हुए सेवा एवं जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है। आयोजकों ने कहा कि यात्रा देश की विविधता में एकता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा एवं राष्ट्रनिर्माण के संकल्प से जोड़ने का कार्य करेगी। रायबरेली में सेवायात्रियों के स्वागत के दौरान पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।