रायबरेली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत ऊंचाहार स्थित डॉ. अंबेडकर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मैदान में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय और मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में कुल 283 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 278 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए, जबकि पांच मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। विकासखंडवार आयोजित विवाह समारोह में डलमऊ से 66, नगर पंचायत डलमऊ से एक, दीनशाह गौरा से 51, रोहनियां से 38, जगतपुर से 53, ऊंचाहार से 72 और नगर पंचायत ऊंचाहार से दो जोड़े शामिल हुए।
इस अवसर पर मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने नवविवाहित दंपतियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन नवविवाहित जोड़ों के जीवन में नई खुशियों, आशाओं और संकल्पों की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को विवाह के लिए सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के अंतर्गत शासन की ओर से प्रत्येक जोड़े को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानपूर्वक संपन्न कराने का कार्य कर रही है। मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने भी नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद देते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आयोजन में 283 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया और सभी नवविवाहित जोड़ों को शासन द्वारा निर्धारित विवाह अनुदान एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी डीआरडीए मुनेश चंद्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Jansaamna