कानपुर। कांग्रेस के नवनियुक्त सह-प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक जगदीश चंद्र जांगिड़ ने शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय तिलक हॉल पहुंचकर जिला कांग्रेस कमेटी कानपुर नगर एवं ग्रामीण के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बैठक की। बैठक में उन्होंने एक-एक नेता और कार्यकर्ता से संवाद कर संगठन को लेकर उनकी राय जानी। बैठक में अधिकांश कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव से करीब दो माह पहले प्रत्याशियों की घोषणा करने की मांग रखी। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इससे प्रत्याशियों को विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय होकर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने सह-प्रभारी से कहा कि विभिन्न दलों के नेता कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि किसी नेता को पार्टी में शामिल करने से पहले उसकी छवि और राजनीतिक प्रभाव का आकलन किया जाए। साथ ही, कुछ नेताओं ने सुझाव दिया कि पार्टी में शामिल होने के पांच वर्ष तक ऐसे नेताओं को टिकट या पद न दिया जाए। कांग्रेस नगर एवं ग्रामीण अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि सह-प्रभारी जगदीश चंद्र जांगिड़ हाईकमान और कार्यकर्ताओं के बीच सेतु का काम करने आए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यकर्ताओं की बातें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे तक पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि कानपुर में कांग्रेस का संगठन मजबूत है और कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय हैं।
राष्ट्रीय सचिव जगदीश चंद्र जांगिड़ ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाओं से हाईकमान को अवगत कराया जाएगा और कार्यकर्ताओं के हितों की रक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गांव-गांव चौपाल लगाकर केंद्र सरकार की नीतियों और कांग्रेस की पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के कार्यों के बारे में जनता को जानकारी देनी चाहिए। जांगिड़ ने कहा कि आगामी चुनावों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।
संवाद बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मदन मोहन शुक्ला, श्याम देव सिंह, ऊषा रानी कोरी, राम चंद्र गुप्ता, पुरुषोत्तम त्रिपाठी, सतीश दीक्षित, उमेश दीक्षित बबलू, राजीव द्विवेदी, देवी प्रसाद निषाद, आनंद वर्मा, अजय सिंह, चंद्र मौली बाजपेई, सुमन तिवारी, मदन गोपाल राखरा, विजय शंकर निषाद, नीरज शर्मा, प्रदीप बाजपेई, दिनेश शुक्ला, रतन लाल कटारिया, वीरेंद्र चतुर्वेदी, अंकित कन्नौजिया, शिवम पटवा, सुनील कुमार, अजय कुमार, निहाल अहमद, अमन सिंह, सुजान गुप्ता, निखिल गुप्ता, एजाज रशीद, राजेंद्र वाल्मीकि, जावेद इदरीसी, दिलशाद कुरैशी, दिव्यता बाजपेई, सुरेंद्र यादव, डॉ. अरुण शर्मा, तिलक चंद्र कुरील, मोहम्मद इमरान, गरुड़ सिंह, अमित शुक्ला, अंकित राजपूत, अभिषेक ठाकुर, धीरू, विष्णु सविता, अंकित अवस्थी आदि मौजूद रहे। संवाद बैठक का संचालन नरेंद्र चंचल कुशवाहा ने किया।
Jansaamna