फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने प्राथमिक विद्यालय पेमेश्वर गेट का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन की गुणवत्ता परखी। उन्होंने बच्चों से विभिन्न विषयों से संबंधित सवाल पूछे और उनके सही उत्तर देने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा पांच की छात्रा फिजा से ‘डिवीजन’ की स्पेलिंग पूछी। छात्रा द्वारा सही उत्तर दिए जाने पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय के सभी बच्चों को नोटबुक और टॉफियां वितरित कीं। जिलाधिकारी ने अध्यापकों को निर्देश दिए कि पठन-पाठन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बच्चों से मध्यान्ह भोजन के संबंध में भी जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से भोजन और फल मिल रहे हैं। इस दौरान एबीएसए सुधीर गुप्ता, प्रधानाध्यापक शोहरत अली सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansaamna