Thursday, September 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » व्यापारियों ने तपती धूप में नगर निगम में दिया धरना

व्यापारियों ने तपती धूप में नगर निगम में दिया धरना

फिरोजाबाद। सैलई-सांती रोड बाजार समिति के तत्वावधान में व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने सैलई-सांती रोड का निर्माण कराने और वार्ड नंबर 49 में विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग को लेकर नगर निगम परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने और एस्टीमेट बनाने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग भी उठाई। महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा ने कहा कि व्यापार मंडल पिछले एक वर्ष से अधिक समय से नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त और महापौर को ज्ञापन देकर सैलई-सांती रोड के निर्माण की मांग कर रहा है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

उन्होंने वार्ड-49 में वर्ष 2022-23 में करीब 7.44 लाख रुपये की लागत से बनी हनुमान रोड के लिए वर्ष 2025 में 49 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार किए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि व्यापार मंडल के विरोध के बाद संबंधित टेंडर निरस्त कर दिया गया। उनका कहना था कि केवल टेंडर निरस्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रस्ताव और एस्टीमेट तैयार करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए। व्यापारियों ने हनुमान जलाशय से सर्कुलर रोड चौकी गेट तक करीब 25 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित पाइपलाइन के कार्य पर भी सवाल उठाए। व्यापारियों के अनुसार, नगर निगम के नगर अभियंता (जल) के लिखित पत्र में पुरानी पाइपलाइन को दुरुस्त बताते हुए उससे पानी की आपूर्ति होने की बात कही गई है। इसके बावजूद नई पाइपलाइन के कार्य को लेकर व्यापारियों ने धन के संभावित दुरुपयोग की आशंका जताते हुए जांच की मांग की। वहीं, हनुमानगंज की गली नंबर चार में पैचवर्क की मांग के बावजूद सड़क तोड़े जाने पर भी व्यापारियों ने आपत्ति जताई और मामले की जांच कराने की मांग की। धरना स्थल पर अपर नगर आयुक्त अजय कुमार, नगर अभियंता विजेंद्र कुमार, मुख्य अभियंता सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी पहुंचे। इस दौरान व्यापार मंडल की ओर से अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। अपर नगर आयुक्त ने व्यापारियों को एक माह के भीतर संबंधित कार्य कराने का आश्वासन दिया। धरने में नरेश पंजाबी, मेघ सिंह पहलवान, स्वतंत्र गुप्ता, रामगोपाल बजाज, मोहित राठौर, अनिल गुप्ता, विकास जैन सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।