फिरोजाबाद। महात्मा गांधी बालिका विद्यालय पीजी कॉलेज के प्लेसमेंट सेल की ओर से छात्राओं के कौशल विकास एवं करियर उन्नयन के उद्देश्य से फ्रैंकफिन के सहयोग से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को वर्तमान रोजगार परिदृश्य से परिचित कराने के साथ ही आवश्यक व्यावसायिक कौशल, व्यक्तित्व विकास, संचार क्षमता तथा रोजगार से जुड़ी व्यावहारिक दक्षताओं का विकास करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्या ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है। बदलते रोजगार परिवेश के अनुरूप संचार कौशल, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और व्यावसायिक दक्षताओं का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को कार्यशाला में प्राप्त जानकारी का उपयोग अपने भविष्य के करियर निर्माण में करने के लिए प्रेरित किया।
फ्रैंकफिन की रिसोर्स पर्सन साक्षी शर्मा ने छात्राओं को करियर विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने साक्षात्कार के दौरान आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने, प्रभावी बॉडी लैंग्वेज, समय प्रबंधन और व्यावसायिक व्यवहार से संबंधित उपयोगी सुझाव दिए। जितेंद्र प्रकाश ने प्रोजेक्टर के माध्यम से एक शॉर्ट फिल्म प्रदर्शित की। फिल्म के माध्यम से छात्राओं को व्यावसायिक जीवन, व्यक्तित्व, व्यवहार और करियर निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं को सहज एवं रोचक ढंग से समझाया गया। कार्यक्रम की संयोजिका एवं मंच संचालक डॉ. सोनाली भट्टाचार्जी ने छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और संचार कौशल को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने छात्राओं को जीवन एवं करियर में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम संयोजिका पूजा जादौन ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. संध्या द्विवेदी ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं छात्राओं को अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन और रोजगार की आवश्यकताओं को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर डॉ. दीपा कनौजिया, डॉ. प्रीति सिंह पटेल, छाया यादव सहित महाविद्यालय की अन्य शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
Jansaamna