फिरोजाबाद। महर्षि वाल्मीकि आश्रम में व्याप्त गंदगी और अव्यवस्थाओं को लेकर उत्तर प्रदेशीय ठेका सफाई कर्मचारी संघ ने नगर निगम प्रशासन से व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की है। मंगलवार को संघ के पदाधिकारियों ने नगर निगम परिसर पहुंचकर अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि उन्होंने आश्रम स्थल का निरीक्षण किया, जहां गंदगी के साथ-साथ कंटीली झाड़ियां भी फैली हुई हैं। उनका कहना है कि 26 अक्टूबर को प्रस्तावित महर्षि वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम से पहले आश्रम की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जाना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। संघ अध्यक्ष आचार्य कृष्ण मुरारी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना कर समाज को समरसता, सद्भाव, सत्य, दया, प्रेम, करुणा और मर्यादा का संदेश दिया। ऐसे महान संत से जुड़े आश्रम स्थल की उपेक्षा चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि आश्रम में आने वाले श्रद्धालुओं को गंदगी और कंटीली झाड़ियों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है।
प्रांतीय महामंत्री योगेश सरन ने बताया कि संघ की ओर से महर्षि वाल्मीकि द्वार के निर्माण और आश्रम के विकास को लेकर पूर्व में सदर विधायक, महापौर तथा नगर आयुक्त को कई बार लिखित मांगपत्र और ज्ञापन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मांग की कि महर्षि वाल्मीकि जयंती से पहले आश्रम की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और टूट-फूट की मरम्मत कराई जाए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के बैठने के लिए सीमेंटेड कुर्सियां, पर्याप्त प्रकाश और पेयजल की व्यवस्था भी की जाए। संघ ने दम्मामल नगर स्थित महर्षि वाल्मीकि भगवान द्वार का निर्माण शीघ्र कराने तथा शहर की सभी वाल्मीकि बस्तियों में स्थित वाल्मीकि धर्मस्थलों और प्रतिमाओं की सफाई, रंगाई-पुताई एवं सौंदर्यीकरण कराने की भी मांग की। संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वाल्मीकि समाज और सफाई कर्मचारी संघ धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन करने को बाध्य होगा। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में कर्मचारी नेता अशोक मोती वाल्मीकि, जालिम सिंह, विनय चौहान, पवन दीप चौहान, सोनू चौहान, रोबिन सिंह, अमन दयाल, शिवालय चौहान, अमन शंखवार, राम कुमार और अमित राय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Jansaamna