Thursday, September 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मां को याद कर भावुक हुए दिनेश प्रताप सिंह, बोले—‘मेरी दुनिया है मां तेरे आंचल में’

मां को याद कर भावुक हुए दिनेश प्रताप सिंह, बोले—‘मेरी दुनिया है मां तेरे आंचल में’

पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने मंगलवार, 22 सितंबर को अपनी पूज्य माता स्व. श्रीमती स्मृति सिंह की पुण्यतिथि पर पंचवटी स्थित वात्सल्य धाम में सपरिवार श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में श्री सिंह अपने पांचों भाइयों और पांचों बहनों सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उपस्थित रहे। परिवारजनों ने पूजा-अर्चना कर स्व. स्मृति सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके त्याग, स्नेह एवं संस्कारों को स्मरण किया। इस अवसर पर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, “मां हमारा प्रथम संस्कार, प्रथम गुरु और ईश्वर का साक्षात स्वरूप है। उनके स्नेह, त्याग, तपस्या और आशीर्वाद से ही सम्पूर्ण पंचवटी परिवार अपने जीवन पथ को आलोकित कर रहा है। उनके दिए संस्कार और स्मृतियां हमारा पग-पग, पल-पल मार्गदर्शन करती रहेंगी।”

उन्होंने भावुक होकर कहा, “मेरी दुनिया है मां तेरे आंचल में।” पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के अनुरूप ब्राह्मणों के पाद-प्रक्षालन एवं पूजन के साथ दान-गोदान का कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। इसके अलावा जरूरतमंद माताओं की सेवा, सम्मान एवं सहयोग किया गया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों के अलावा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।