रायबरेली। प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने एम्स रायबरेली के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ के रूप में एक वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है। उन्होंने 22 सितंबर 2025 को पदभार ग्रहण किया था। उनके एक वर्ष के कार्यकाल में संस्थान में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, रोगी-केंद्रित सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, अकादमिक गतिविधियों, प्रशिक्षण और संस्थागत विकास के क्षेत्र में विभिन्न पहल की गईं। इस दौरान एम्स में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, पेन मेडिसिन, टीबी वार्ड, एंडोस्कोपी, ब्रोंकोस्कोपी, पल्मोनरी मेडिसिन और यलो फीवर टीकाकरण जैसी नई सेवाओं की शुरुआत की गई। सुपर-स्पेशियलिटी और विशिष्ट चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के साथ आधुनिक तकनीकों एवं उन्नत उपचार पद्धतियों को अपनाने पर भी जोर दिया गया। डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के तहत ई-संजीवनी और टेली-मानस जैसी पहलों को आगे बढ़ाया गया, जिससे दूरस्थ एवं मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने का प्रयास किया गया। अकादमिक क्षेत्र में एमबीबीएस, नर्सिंग, पैरामेडिकल, स्नातकोत्तर, सुपर-स्पेशियलिटी एवं पीएचडी कार्यक्रमों को सुदृढ़ करने के साथ प्रशिक्षण, अनुसंधान और कौशल विकास के अवसरों का विस्तार किया गया। संस्थान के प्रथम दीक्षांत समारोह में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव ने 48 एमबीबीएस और 25 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कीं। रोबोटिक हैंड्स-ऑन, रिसर्च विधियों, भीष्म क्यूब, इलेक्ट्रोमायोग्राफी और ट्रॉमा सर्जरी समेत विभिन्न विषयों पर कार्यशालाएं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। गुणवत्ता सुधार के क्षेत्र में NABL और NABH इंट्री लेवल मान्यता प्राप्त करने के बाद रोगी सेवाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास किए गए। वहीं, संस्थान के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पार्किंग, स्वच्छता, हरित क्षेत्र और प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाओं पर भी ध्यान दिया गया। कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए जिम, आवासीय क्वार्टर, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और छात्रावास के विकास एवं सुदृढ़ीकरण की दिशा में भी कार्य किया गया। कार्यकाल के दौरान तेलंगाना के राज्यपाल, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय समेत कई गणमान्य लोगों ने संस्थान का दौरा किया। कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने कहा कि एम्स रायबरेली रोगी-केंद्रित सेवाओं, चिकित्सा उत्कृष्टता, अकादमिक प्रगति, डिजिटल स्वास्थ्य और गुणवत्ता सुधार के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवाओं के साथ शोध एवं अनुसंधान को भी निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है। संस्थान का लक्ष्य है कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान स्थापित करें।
Home » मुख्य समाचार » प्रो. अमिता जैन ने एम्स रायबरेली में कार्यकारी निदेशक के रूप में पूरा किया एक वर्ष
Jansaamna