हाथरस। लंबे समय से लंबित मांगों पर निर्णय नहीं होने से बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के कार्मिकों ने काला बैज लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, पीएलआई में भेदभाव समाप्त कर समान व्यवस्था लागू करने समेत विभिन्न लंबित मांगों का तत्काल समाधान किए जाने की मांग उठाई। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से मांगें लंबित हैं, लेकिन संबंधित स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। कार्मिकों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। यूएफबीयू की ओर से 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। इसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं होने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और आंदोलन के प्रति एकजुटता जताई।
Jansaamna