हाथरस। राजकीय लक्खी मेला दाऊजी महाराज के 115वें महोत्सव के तहत आयोजित अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल के पांचवें दिन अखाड़े में पहलवानों ने जमकर दमखम दिखाया। दिनभर चले दंगल में 130 से अधिक छोटी-बड़ी कुश्तियां हुईं। कई मुकाबले आर-पार रहे, जबकि कुछ कुश्तियां बराबरी पर छूटीं। भारत केसरी पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों में खासा उत्साह भर दिया। दंगल की 3 लाख 11 हजार रुपये की इनामी कुश्ती में हरियाणा के मोहित फोगाट ने पंजाब के मनजीत खत्री को शिकस्त देकर बाजी मारी। वहीं, 4 लाख 11 हजार रुपये की सबसे बड़ी इनामी कुश्ती भारत केसरी अजय पहलवान लखवास, सोहना और भारत केसरी मोनू कुरालिया दिल्ली के बीच हुई। करीब 15 मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे पर जोरदार दांव-पेच आजमाए, लेकिन कोई भी निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सका और कुश्ती बराबरी पर छूटी। इसी तरह देवा पहलवान मथुरा और रोहित पहलवान हरियाणा के बीच 1 लाख 51 हजार रुपये की इनामी कुश्ती भी बराबरी पर समाप्त हुई। 11 हजार और 21 हजार रुपये की इनामी कुश्तियों में भी पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। विशाल पहलवान दिल्ली और सौरभ लीलू पहलवान झज्जर के बीच हुए मुकाबले में सौरभ ने जीत दर्ज की। अखाड़े में क्षेत्रीय पहलवानों के साथ ही विभिन्न राज्यों से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दंगल का आयोजन संयोजक विपुल गौड़ के संयोजन और अध्यक्ष संतोष शर्मा के नेतृत्व में किया जा रहा है। पांचवें दिन भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी, सांसद अनूप प्रधान, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी समेत अन्य अतिथियों ने दंगल का आनंद लिया। कमेटी की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। कुश्तियों में रेफरी की भूमिका मुकेश पहलवान, तरुण पहलवान, नवल उस्ताद और एनआई कोच तेजबहादुर ने निभाई। दंगल का समापन समारोह आज रात्रि आयोजित किया जाएगा।
Jansaamna