Thursday, September 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » उद्यान मंत्री ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में वर-वधुओं को दिया आशीर्वाद

उद्यान मंत्री ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में वर-वधुओं को दिया आशीर्वाद

रायबरेली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विकासखंड सतांव के गन्ना कांटा मैदान में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात, उत्तर प्रदेश, दिनेश प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धि लाल पासी और मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में कुल 214 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधकर अपने जीवन की नई शुरुआत की। इनमें हरचंदपुर के 63, सतांव के 58, खीरों के 18, लालगंज के 16, सरेनी के 10, डीह के 22, राही के 20 तथा नगर पंचायत सलोन के सात जोड़े शामिल रहे। इस अवसर पर उद्यान मंत्री ने नवविवाहित दंपतियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन उनके जीवन में नई खुशियों, आशाओं और संकल्पों की शुरुआत है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को विवाह के लिए सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के तहत शासन की ओर से प्रत्येक जोड़े को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित कर रही है। मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने भी नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद देते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में 214 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया है और सभी नवविवाहित जोड़ों को शासन द्वारा निर्धारित विवाह अनुदान एवं आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, उपायुक्त (श्रम रोजगार) प्रमोद सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।