Thursday, September 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मथुरा जंक्शन की मेन एंट्री पर खुलेगा रेल कोच रेस्टोरेंट

मथुरा जंक्शन की मेन एंट्री पर खुलेगा रेल कोच रेस्टोरेंट

मथुरा। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह एवं मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ गैर-किराया राजस्व के नए स्रोत विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, आगरा अंकित गुप्ता के निर्देशन में मथुरा जंक्शन स्टेशन की मेन एंट्री स्थित सर्कुलेटिंग एरिया में रेल कोच रेस्टोरेंट के संचालन के लिए पांच वर्ष की अवधि का अनुबंध प्रदान किया गया है। अनुबंध के तहत मथुरा जंक्शन पर थीम आधारित रेल कोच रेस्टोरेंट विकसित किया जाएगा। यहां यात्रियों के साथ-साथ स्टेशन पर आने वाले आगंतुकों को उचित एवं प्रतिस्पर्धी दरों पर गुणवत्तापूर्ण भोजन और खान-पान की सुविधा उपलब्ध होगी। आकर्षक एवं अलग थीम वाले रेल कोच में भोजन का अनुभव यात्रियों के लिए नया आकर्षण भी होगा। रेल कोच रेस्टोरेंट के शुरू होने से यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही बेहतर, सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण खान-पान का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। विशेष रूप से ट्रेन की प्रतीक्षा करने वाले यात्रियों और स्टेशन पर आने वाले आगंतुकों को भोजन के लिए स्टेशन परिसर से बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। इससे यात्रियों के समय की बचत के साथ स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं में भी वृद्धि होगी। रेल कोच रेस्टोरेंट के अनुबंध की अवधि पांच वर्ष है। इससे रेलवे को प्रतिवर्ष करीब 27.21 लाख रुपये का अनुमानित गैर-किराया राजस्व प्राप्त होगा, जबकि पांच वर्ष की अवधि में कुल अनुमानित राजस्व लगभग 1.60 करोड़ रुपये रहेगा। सितंबर 2026 तक गैर-किराया राजस्व (एनएफआर) के क्षेत्र में आगरा मंडल में कुल सात अनुबंध प्रदान किए जा चुके हैं। इन अनुबंधों से करीब 2.60 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष का अनुमानित राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है। आगरा मंडल की ओर से यात्रियों की सुविधा और अनुभव को बेहतर बनाने के साथ-साथ रेलवे की आय के वैकल्पिक स्रोत विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मथुरा जंक्शन पर रेल कोच रेस्टोरेंट की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे यात्रियों को बेहतर खान-पान की सुविधा मिलने के साथ रेलवे के गैर-किराया राजस्व में भी वृद्धि होगी।