Friday, September 25, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » एम्स रायबरेली में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का आयोजन

एम्स रायबरेली में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का आयोजन

रायबरेली। एम्स रायबरेली में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन ने भगवान धन्वंतरि के पूजन से की। इस दौरान आयुर्वेद एवं आधुनिक चिकित्सा से संबंधित पुस्तकों का भी पूजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान औषधीय पौधों का वितरण किया गया। इसके साथ ही चंदन, तेजपत्ता, अर्जुन और सर्पगंधा के पौधों का रोपण भी किया गया। कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन ने मरीजों को संबोधित करते हुए कहा कि आयुर्वेद और योग खराब जीवनशैली से जुड़े रोगों, जैसे मोटापा, मधुमेह, हाइपोथायरॉइड और अपच आदि के प्रबंधन में उपयोगी हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि आयुष विभाग की ओपीडी में मरीजों को नियमित रूप से योग और प्राणायाम का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए आयुर्वेद में बताई गई जीवनचर्या को अपनाना उपयोगी है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। आयुष विभाग के प्रभारी डॉ. हरि कृष्ण पारीक ने कहा कि लोगों को आयुर्वेदिक दवाओं का सेवन योग्य आयुर्वेद चिकित्सक की सलाह के बाद ही करना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर स्वयं उपचार करने से बचने की सलाह दी। कार्यक्रम में उपनिदेशक (प्रशासन) कर्नल अखिलेश सिंह, वित्तीय सलाहकार कर्नल यू.एन. राय, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव त्रिवेदी, प्रिंसिपल नर्सिंग कॉलेज नरेंद्र पाल सिंह चौधरी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अरविंद शुक्ला, मनोरोग विभाग की डॉ. श्रुति सिन्हा, डॉ. आकाश, डॉ. पदमा, योग प्रशिक्षक प्रसोभ नानू, नैदानिक मनोवैज्ञानिक विकास रावत, पीयूष वर्मा और पुनीत मौर्य सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।