Friday, September 25, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » डीएम ने कलेक्ट्रेट के कार्यालयों का किया निरीक्षण, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

डीएम ने कलेक्ट्रेट के कार्यालयों का किया निरीक्षण, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

हाथरस। नवागत जिलाधिकारी सत्यप्रकाश पटेल ने जनता दर्शन के बाद कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों, राजस्व संबंधी पटल और कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके कार्यों और दायित्वों की जानकारी लेते हुए कार्यालयी कार्यों का निस्तारण पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और समयबद्धता के साथ करने के निर्देश दिए। डीएम ने आयुध अनुज्ञा एवं अभिलेख कक्ष, आंग्ल अभिलेखागार, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, नाजिर कक्ष, आईजीआरएस कक्ष, राजस्व अभिलेखागार, जिला पूर्ति कार्यालय, संयुक्त कार्यालय और जिला कोषागार सहित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और पटल सहायकों से परिचय प्राप्त कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय से कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों और शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरतते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयों में पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध कार्यप्रणाली बनाए रखने के निर्देश दिए।