Thursday, September 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » एआरपी पद पर चयनित शिक्षक रमेश बहादुर सिंह का सम्मान

एआरपी पद पर चयनित शिक्षक रमेश बहादुर सिंह का सम्मान

सलोन, रायबरेली। प्राथमिक विद्यालय पृथ्वीपुर के प्रधानाध्यापक रमेश बहादुर सिंह का एआरपी (हिंदी) पद पर चयन होने पर सेवानिवृत्त शिक्षक कल्याण परिषद की ओर से सम्मान किया गया। परिषद के जिला मीडिया प्रभारी मोहम्मद इस्माइल खान एवं पूर्व प्रधानाध्यापक मोहम्मद जहदी ने विद्यालय पहुंचकर संगठन की ओर से प्रधानाध्यापक रमेश बहादुर सिंह को माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से शिक्षक हित में पहले से बेहतर कार्य करने का प्रयास किया जाएगा। मोहम्मद जहदी ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के साथ उन्हें उम्मीद है कि नवनियुक्त एआरपी रमेश बहादुर सिंह विद्यालयों को निपुण बनाने और ब्लॉक के सभी विद्यालयों में अपने अनुभव साझा करने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि रमेश बहादुर सिंह ने करीब 31 वर्षों तक इसी विद्यालय में अपनी सेवाएं दी हैं और अब एआरपी के रूप में पूरे ब्लॉक में अपनी सेवाएं देंगे। बताते चलें कि रमेश बहादुर सिंह प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक महामंत्री भी हैं। इस अवसर पर शिक्षक पवन कुमार, शिक्षामित्र कृष्णा कुमारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रेमा देवी, संतोष कुमारी तथा रसोइया ज्ञानवती, विमला और रेणु देवी ने भी उनका स्वागत किया। सभी ने कहा कि वे समय-समय पर विद्यालय के विकास में अपना सहयोग देते रहेंगे। नवनियुक्त एआरपी रमेश बहादुर सिंह ने सम्मान के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।