Thursday, September 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » देवछठ मेला में विराट कुश्ती दंगल का भव्य शुभारंभ

देवछठ मेला में विराट कुश्ती दंगल का भव्य शुभारंभ

अलीगढ़। श्री खेरेश्वर महादेव व दाऊजी महाराज समिति की ओर से आयोजित देवछठ मेला में विराट कुश्ती दंगल 2026 एवं खेल महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। दंगल का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता आर.पी. सिंह ने अखाड़े में पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में समिति के अध्यक्ष ठाकुर गहराज सिंह, महामंत्री ऋषि ओम शर्मा और कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान ने विधि-विधान से दंगल स्थल का पूजन किया। इसके बाद मुख्य अतिथि आर.पी. सिंह ने पहलवानों से परिचय प्राप्त किया और उनका हाथ मिलवाकर दंगल के शुभारंभ की घोषणा की। दंगल प्रभारी लतेश चौधरी ने मुख्य अतिथि आर.पी. सिंह और विशिष्ट अतिथियों स्वामी ओमकार एवं देवेंद्र सिंह राघव का पगड़ी पहनाकर तथा गदा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। दंगल का संचालन कंछी पहलवान ने किया।

रोमांचक मुकाबलों ने बांधा समां

दंगल में विभिन्न स्थानों से आए पहलवानों के बीच कई रोमांचक मुकाबले हुए। 4100 रुपये की कुश्ती भोला ऐदलपुर और टाइगर नोएडा के बीच हुई, जबकि 3100 रुपये की कुश्ती लवली नोएडा और अज्जत संभल के बीच लड़ी गई। इसके अलावा विशाल मई और अन्नू महादेव के बीच भी जोरदार मुकाबला हुआ। गिरीश नोएडा और विशाल मई, चेतन कुटवारा और अरनेश अक्सौली, सर्वेश पहलवान अक्सौली और कालू पहलवान महादेव तथा करन पहलवान बेसवां और रोहित पहलवान के बीच भी कुश्ती के मुकाबले हुए। पहलवानों ने अखाड़े में अपनी दमदार कुश्ती कला और दांव-पेंच का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। मुकाबलों के दौरान अखाड़े के चारों ओर मौजूद हजारों दर्शक लगातार तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाते रहे। शानदार दांव लगने पर पूरा दंगल परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

दंगल के आयोजन में संजय शर्मा, राजकुमार बघेल, राजकुमार शर्मा, राकेश बघेल, राजू शर्मा, सुरेंद्र प्रधान, ताराचंद शर्मा, रवि कुमार बघेल, अजय शर्मा, बंटा सिंह ल्यौसरा, पंकज सिंह उर्फ कालू सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया। इस अवसर पर नवीन गुप्ता मामा, बिशनचंद्र राना, नीलेश उपाध्याय, राकेश चौधरी, गुरजीत सिंह, वीरू पहलवान, बुद्धा पहलवान, राजकुमार चौधरी सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे। दंगल प्रभारी लतेश चौधरी ने बताया कि देवछठ मेला में आयोजित विराट कुश्ती दंगल का उद्देश्य पारंपरिक भारतीय कुश्ती को बढ़ावा देना और युवा पहलवानों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों और दंगल देखने पहुंचे दर्शकों का आभार व्यक्त किया।