Thursday, September 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बिठूर उपचुनाव में प्रत्याशी चयन के लिए जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला अधिकृत

बिठूर उपचुनाव में प्रत्याशी चयन के लिए जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला अधिकृत

कानपुर। बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष निर्मला सिंह के निधन से रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव की घोषणा के बाद राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस ने भी उपचुनाव को गंभीरता से लेते हुए प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कानपुर नगर ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला को बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी के चयन हेतु अधिकृत किया है। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र भी जारी किया गया है। बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष का पद स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण माना जाता है। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वर्ष 2000 में निर्मला सिंह पहली बार बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं। इसके बाद यह पद लगातार उनके परिवार के पास रहा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस इस उपचुनाव में अपने चुनाव चिह्न पर प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी बिठूर की स्थानीय समस्याओं, क्षेत्र की स्थिति और उसके ऐतिहासिक महत्व से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उधर, उपचुनाव की घोषणा के बाद अन्य राजनीतिक दलों में भी प्रत्याशी चयन और चुनावी तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज होने लगी हैं।