रायबरेली। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने आज रायबरेली से चुनावी शंखनाद कर दिया। शहर स्थित जीआईसी मैदान में आयोजित जनसभा में भारी बारिश के बीच भी कार्यकर्ता डटे रहे। मंच से अखिलेश यादव ने पीडीए, संविधान, आरक्षण, बेरोजगारी, महंगाई, कानून-व्यवस्था और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा, “जो पीड़ित और अपमानित है, वही हमारा पीडीए है। 2024 में हराया है, 2027 में हमेशा के लिए हराना है।”
अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव हो रहा है और विपक्षी आवाजों पर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर से जुड़े चंदे की कथित चोरी, पेपर लीक, रोजगार, स्कूल बंद होने, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। साथ ही कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर अग्निवीर और आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म की जाएगी, पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी, स्कूल खोले जाएंगे और बुलडोजर नीति खत्म करने का काम किया जाएगा। अखिलेश यादव ने 2027 के चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि रायबरेली की सभी सीटों पर भाजपा को हराने का लक्ष्य है। गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि “बात सीट की नहीं, सिर्फ जीत की होगी।”
Jansaamna