आगरा/मथुरा। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत आगरा मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों और आमजन को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। 23 और 24 सितंबर को आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन, फतेहपुर सीकरी और आगरा फोर्ट स्टेशनों पर आयोजित कार्यक्रमों में कचरा पृथक्करण, कंपोस्टिंग, आरआरआर (कम उपयोग, पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण) तथा प्लास्टिक के कम इस्तेमाल की जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम में लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के साथ सैनिटरी वेस्ट समेत अन्य कचरे को निर्धारित कूड़ेदानों में डालने के बारे में बताया गया। जैविक कचरे से कंपोस्ट खाद बनाने की प्रक्रिया और इसके उपयोग से होने वाले पर्यावरणीय लाभों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान प्लास्टिक के अनावश्यक इस्तेमाल से पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में लोगों को बताया गया। लोगों को एकल-उपयोग प्लास्टिक से दूरी बनाने और इसके विकल्प के तौर पर कपड़े के थैलों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान कपड़े के थैले भी वितरित किए गए।
रेलवे कॉलोनियों में भी घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कॉलोनीवासियों से घर, गली और आसपास के क्षेत्र में नियमित सफाई रखने तथा कचरे को निर्धारित कूड़ेदानों में डालने की अपील की गई। लोगों को जलभराव रोकने, कचरे का समय से निस्तारण करने और पौधरोपण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी प्रेरित किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फैलाने और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम के साथ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल और अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
Jansaamna