रायबरेली। ऊंचाहार कोतवाली की महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला सिपाही जूही मिश्रा ने जरूरतमंद युवती की मदद कर मानवीय संवेदना का उदाहरण पेश किया। जमीन के बंटवारे को लेकर शिकायत करने पहुंची युवती ने अपनी आर्थिक स्थिति बताते हुए कहा कि उसके घर में खाना बनाने के लिए चूल्हा और बर्तन तक नहीं हैं। उसकी स्थिति को देखते हुए महिला सिपाही ने अपनी ओर से गृहस्थी का जरूरी सामान और राशन उपलब्ध कराया। बुधवार को ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के खोजनपुर गांव निवासी वंशिका पाल अपने भाइयों के खिलाफ जमीन बंटवारे की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। महिला हेल्प डेस्क पर उसने अपनी शिकायत दर्ज कराने के साथ अपनी पारिवारिक और आर्थिक स्थिति भी बताई। वंशिका ने बताया कि उसके माता-पिता नहीं हैं और घर में राशन की व्यवस्था भी नहीं है। उसके पास खाना पकाने के लिए चूल्हा और जरूरी बर्तन तक नहीं हैं।
युवती की बात सुनने के बाद महिला सिपाही जूही मिश्रा ने अपनी ओर से उसकी मदद करने का निर्णय लिया। उन्होंने वंशिका के लिए गैस सिलेंडर, चूल्हा, कुकर, जरूरी बर्तन और राशन उपलब्ध कराया। कोतवाली में तैनात एसआई सरोज सिंह ने युवती को यह सामान सौंपा। महिला सिपाही की इस पहल की स्थानीय लोगों और पुलिस विभाग के कर्मचारियों ने सराहना की। गुरुवार को मामले के बारे में पूछे जाने पर जूही मिश्रा ने कहा कि उन्होंने केवल जरूरतमंद युवती की मदद की है। उन्होंने कहा कि उनके पास आने वाले पीड़ितों की वह अपनी क्षमता के अनुसार मदद करने का प्रयास करती रहेंगी।
Jansaamna