Friday, September 25, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सैफई में हैंडबाल की चार सीटों के लिए 120 खिलाड़ियों ने दिया ट्रायल

सैफई में हैंडबाल की चार सीटों के लिए 120 खिलाड़ियों ने दिया ट्रायल

सुघर सिंह: सैफई, इटावा। साई स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर, सैफई में हैंडबाल की चार रिक्त सीटों के लिए गुरुवार को चयन ट्रायल हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान, बिहार, हरियाणा और मध्य प्रदेश से पहुंचे कुल 120 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मास्टर चंदगीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुए ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की खेल दक्षता, शारीरिक क्षमता और हैंडबाल से जुड़ी तकनीकी क्षमताओं को परखा गया। चार सीटों के लिए बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के पहुंचने से चयन प्रक्रिया में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। साई के सैफई केंद्र में हैंडबाल के कुल 30 खिलाड़ियों के प्रशिक्षण की क्षमता है। इनमें चार स्थान रिक्त होने के बाद चयन ट्रायल आयोजित किया गया। अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों ने चयनकर्ताओं के सामने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के दौरान हैंडबाल संघ के सचिव हरिशंकर वर्मा, हैंडबाल कोच सबा बानो, साई सेंटर सैफई के हैंडबाल प्रशिक्षक सुगंथन आर. और केंद्र प्रभारी पवन कुमार शेलके ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। इस मौके पर एथलेटिक्स प्रशिक्षक अमित कुमार और डीईओ अमित झा भी मौजूद रहे।