फिरोजाबाद। लेबर कॉलोनी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में शुक्रवार को एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनका अंत्योदय और एकात्म मानववाद का दर्शन आज भी भारतीय राजनीति एवं सामाजिक जीवन को दिशा देने वाला है। उन्होंने कहा कि हमें पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को अपने आचरण में आत्मसात कर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक छोटेलाल वर्मा के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर शोक संवेदना व्यक्त की गई। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर, पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार, महानगर महामंत्री प्रमोद पाल बघेल, देवेश भारद्वाज, महानगर मीडिया प्रभारी आकाश गुप्ता, कोषाध्यक्ष दीपक गुप्ता कालू, योगेंद्र यादव बाबा, रामनरेश कटरा, केशव सिंह फौजी, उदय प्रताप सिंह, आशीष यादव, श्रीनिवास शर्मा, संजय मिश्रा, दुर्गेश यादव, अनुपम शर्मा, कैलाश ओझा, गौतम कुशवाहा, केशव देव कुशवाहा, अशोक राठौर, अमन यादव, सुनील मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Jansaamna