Sunday, September 27, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » 12 शिकायतों में चार का मौके पर निस्तारण

12 शिकायतों में चार का मौके पर निस्तारण

हाथरस। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सत्यप्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने थाना हाथरस गेट पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने थाना समाधान दिवस पंजिका का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच करने तथा शिकायत का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की मौजूदगी में नियमानुसार सुलह-समझौते के आधार पर समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाए। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई वाले मामलों में दोनों विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि शिकायतकर्ता को प्रभावी राहत मिल सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी मामलों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।