Sunday, September 27, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जल जीवन मिशन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने एजेंसियों को दी चेतावनी

जल जीवन मिशन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने एजेंसियों को दी चेतावनी

फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों, पाइपलाइन बिछाने की स्थिति और विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने पैकेज-1 के अंतर्गत एनसीसी के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान पाया गया कि कुल कार्ययोजना के अनुसार प्रगति संतोषजनक है, लेकिन रॉ वाटर, रिजर्व वायर, फिल्टर बेड और एमआईबीपीएस जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति धीमी है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसी को तत्काल कुशल एवं अकुशल श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त मैनपावर लगाकर कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए।

जिलाधिकारी ने पाइपलाइन बिछाने के दौरान किसानों की फसलों को हुई क्षति के मुआवजे का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। एलएंडटी द्वारा पैकेज-2 के अंतर्गत कराए जा रहे एमआईबीपीएस निर्माण एवं पाइपलाइन कार्य की प्रगति भी काफी धीमी पाई गई। विशेष रूप से जरौली, गहरी और सेवल रामपुर क्षेत्र में चल रहे कार्यों की स्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं आती है तो संबंधित संस्था को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यों में देरी अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों और ठेकेदारों के खिलाफ कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता, अधिशासी अभियंता जल निगम सहित संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।