आगरा/मथुरा। आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए खजुराहो-रुंधी के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। ट्रेन के संचालन की तैयारियों एवं स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लेने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक बिजेंद्र कुमार ने रुंधी स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन के संबंध में यात्रियों को पर्याप्त एवं समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराने तथा ट्रेन का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान आगरा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए गाड़ी संख्या 01829/01830 खजुराहो-रुंधी-खजुराहो फेस्टिवल स्पेशल का संचालन किया जाएगा। ट्रेन दोनों दिशाओं में 15-15 फेरे लगाएगी। गाड़ी संख्या 01829 खजुराहो-रुंधी फेस्टिवल स्पेशल 15 अक्टूबर से 17 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को खजुराहो से चलेगी। यह ट्रेन खजुराहो से शाम 5 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 6 बजे रुंधी पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01830 रुंधी-खजुराहो फेस्टिवल स्पेशल 16 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। यह ट्रेन रुंधी से शाम 6:45 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 6:05 बजे खजुराहो पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव महाराजा छत्रसाल छतरपुर, खरगापुर, टीकमगढ़, दैलवारा/कॉर्ड, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, दतिया, डबरा, ग्वालियर, मुरैना, धौलपुर, आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन और कोसीकलां स्टेशनों पर रहेगा।
Jansaamna