➤ डाक विभाग के हिंदी पखवाड़े का समापन, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता पुरस्कृत
अहमदाबाद। डाक विभाग की ओर से आयोजित हिंदी पखवाड़े का समापन सोमवार को क्षेत्रीय कार्यालय में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल एवं साहित्यकार कृष्ण कुमार यादव ने की। इस दौरान हिंदी पखवाड़े के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को हिंदी पुस्तकें और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि राजभाषा के रूप में हिंदी ने राष्ट्रीय स्तर पर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि हिंदी को केवल हिंदी दिवस या पखवाड़े तक सीमित न रखकर ज्ञान, व्यवहार, प्रशासन, तकनीक और सृजन के विभिन्न क्षेत्रों में इसके प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि हिंदी की सरलता में गहन ज्ञान समाहित है और इसकी मधुरता में ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना निहित है। हिंदी को परिवर्तन और विकास की भाषा के रूप में नए आयाम मिले हैं। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा और राजभाषा होने के साथ ही संस्कृति, सभ्यता और आत्मसम्मान का प्रतीक भी है। हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में योगेश रामानुज, राजेश कुमार और मौलिक देसाई को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार मिला। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दर्शन श्रीमाली, सिद्धि दरजी और मनीषा बगानी, अनुवाद प्रतियोगिता में मौलिक देसाई, मौलिक दवे और कनिका अग्रवाल तथा हिंदी काव्य पाठ प्रतियोगिता में अभिषेक पीठडिया, योगेश रामानुज और निशा पटेल को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
हिंदी व्याकरण प्रतियोगिता में हिमांशु प्रजापति, कौशल पटेल और दिलीपकुमार पगी को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार मिला। तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में आरटी पटेल और अभिषेक पीठडिया को प्रथम, रामस्वरूप मंगवा को द्वितीय तथा योगेश रामानुज को तृतीय पुरस्कार दिया गया। हिंदी अंताक्षरी प्रतियोगिता में भरत रेगर, कल्पेश परमार, पायल टी. पटेल, भावेश भरवाड़ और सुरेखा देसाई को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सहायक निदेशक (राजभाषा) अल्पेश शाह ने स्वागत भाषण दिया। आभार ज्ञापन सहायक निदेशक वीएम वोहरा ने किया, जबकि संचालन अभिषेक पीठडिया ने किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक रितुल गांधी, वरिष्ठ लेखाधिकारी पूजा राठौर, सहायक अधीक्षक बिरंग शाह, जीनेश पटेल, रमेश पटेल, रोनक शाह, सहायक लेखाधिकारी सुभाष बारुपाल, रामस्वरूप मंगवा, डाक निरीक्षक पायल पटेल, योगेश पंचोली, रवि रावत सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Jansaamna