हाथरस। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का मौके पर मुआयना कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों, एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनता दर्शन से जोड़ा है। जनता दर्शन में शिकायतकर्ता की मौजूदगी में संबंधित अधिकारी से प्रकरण की स्थिति और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली जा रही है। डीएम ने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, संपूर्ण समाधान दिवस और थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल आदेश जारी करने तक सीमित न रहें, बल्कि यह भी सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है। लंबे समय से लंबित मामलों में संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों से दूरभाष के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई कराई जाए। डीएम ने भूमि विवादों के मामलों में एसडीएम और सीओ को आवश्यकता के अनुसार संयुक्त टीम भेजकर मौके पर जांच कराने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Jansaamna