फिरोजाबाद। तिलक इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर माध्यमिक विद्यालयों की क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश अग्रवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में फिरोजाबाद क्षेत्र के 12 विद्यालयों के बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंडर-19 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में रेवती देवी इंटर कॉलेज ने रामा कन्या विद्यालय को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में महात्मा गांधी इंटर कॉलेज ने जेवी इंटर कॉलेज को पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया। अंडर-17 बालक वर्ग में जेवी इंटर कॉलेज की टीम ने एसआरके इंटर कॉलेज को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में मेजबान तिलक इंटर कॉलेज की टीम विजयी रही। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर पंकज भारद्वाज, गोविंद यादव, रवि नंदन, सुनीता चौधरी, कमलेश, शशिकांत, विनोद पचौरी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
Jansaamna