Wednesday, September 30, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जैन उद्यान में धूमधाम से मनाया दौज मेला

जैन उद्यान में धूमधाम से मनाया दौज मेला

हाथरस। 1008 अतिशय क्षेत्र श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर प्रबंध समिति की ओर से जैन उद्यान में दौज मेला धूमधाम से आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। नयागंज जैन मंदिर के सामने विधायक निधि से निर्मित कीर्ति स्तंभ के लिए जैन समाज की ओर से विधायक का अभिनंदन किया गया। मेले के शुभारंभ से पूर्व नयाबांस मंदिर से बैंडबाजों के साथ पालकी यात्रा निकाली गई। जैन उद्यान में पूजा-अर्चना के बाद भगवान चंद्रप्रभु को पालकी में विराजमान कर मंदिर में स्थापित किया गया। मध्य प्रदेश से आए संगीतकार आदित्य जैन ने भक्ति गीत प्रस्तुत किए। बच्चों ने मंगलाचरण, स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जबकि महिलाओं ने डांडिया नृत्य किया।

कार्यक्रम में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों की बोलियां हुईं। हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा दश लक्षण पर्व में उपवास एवं नित्य नियम पूजन करने वाले श्रद्धालुओं को सम्मानित किया गया। मंदिर और समाज के कार्यों में योगदान देने वाले कई लोगों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जैन समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।