⇒तैयारियों को लेकर सीडीओ ने दिए निर्देश
रायबरेली। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन तथा उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत 6 अक्टूबर को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले श्री अन्न (मिलेट्स) महोत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को विकास भवन स्थित महात्मा गांधी सभागार में बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि महोत्सव की सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की ओर से लगाए जाने वाले स्टॉल, मिलेट्स से तैयार व्यंजनों की प्रदर्शनी, रेसिपी विकास, प्रचार-प्रसार और उपभोक्ता जागरूकता से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि मिलेट्स पोषक तत्वों से भरपूर होने के साथ स्वास्थ्य के लिए भी उपयोगी हैं। महोत्सव के माध्यम से आमजन को श्री अन्न के पोषण संबंधी लाभों और दैनिक आहार में इसके उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने किसानों, स्वयं सहायता समूहों, छात्र-छात्राओं, महिला समूहों और आमजन की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने और महोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, उप कृषि निदेशक हिमांशु पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य, जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पाण्डेय, जिला उद्यान अधिकारी जय राम वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।
Jansaamna