⇒35 हजार रुपये नकद बरामद, दो अपाचे बाइक सीज
कानपुर। पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जेब काटने वाले चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 35,050 रुपये नकद और माचिस की डिब्बी में रखे ब्लेड बरामद किए हैं। पुलिस ने दो बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिलों को भी मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, थाना चौबेपुर में दर्ज मुकदमा से संबंधित वांछित आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम देदूपुर अंडरपास के पास नून नदी पुल के समीप दो बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक पर चार संदिग्ध युवक मौजूद हैं।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों मोटरसाइकिलों को रोक लिया। तलाशी के दौरान चारों के कब्जे से कुल 35,050 रुपये नकद और ब्लेड बरामद हुए। पुलिस द्वारा नकदी के संबंध में पूछताछ किए जाने पर आरोपितों ने राहगीरों की जेब काटकर रुपये निकालने की बात स्वीकार की। आरोपितों ने बताया कि बरामद रकम पूर्व में की गई जेबकटी से बची हुई थी, जबकि अन्य रकम आपस में बांटकर खर्च कर दी गई।
पकड़े गये आरोपियों की पहचान कुलदीप कुमार (27), अजीत कुमार (37), गौरव (22), निवासी महरूपुर रावी, थाना कमालगंज, फर्रुखाबाद तथा अक्षय कुमार (22), निवासी खांडे़देवा, थाना गुरसहायगंज, कन्नौज के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्हें अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय माती, कानपुर देहात के समक्ष भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में उनि शैलेन्द्र गिरि, उनि सूर्य प्रकाश दुबे, उनि अंकित मिश्रा, उनि पवन कुमार मिश्रा, उनि दिवाकर पांडे सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Jansaamna