♦गुड टच-बैड टच से लेकर हेल्पलाइन तक दी जानकारी
♦असहज स्थिति में अभिभावक व शिक्षकों से सलाह लेने की अपील
रायबरेली। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से चलाए जा रहे विशेष पॉक्सो जागरूकता अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में न्यायिक अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम-2012, बाल सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह के निर्देश तथा सचिव अनिशा के दिशा-निर्देशन में सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज, नगर पालिका परिषद इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज सहित सलोन, लालगंज और ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के विद्यालयों में शिविर आयोजित हुए।
नगर पालिका परिषद इंटर कॉलेज में डॉ. विवेक कुमार ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम-2012 की जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यौन शोषण, यौन उत्पीड़न और पोर्नाेग्राफी जैसे अपराधों से सुरक्षा प्रदान करता है।
सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज में सिविल जज ज्योति प्रकाश सिंह और प्रधान मजिस्ट्रेट श्रेया सोलंकी ने बच्चों को सरल भाषा में पॉक्सो कानून की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पॉक्सो का पूरा नाम लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 है। प्रधान मजिस्ट्रेट ने बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में भी जागरूक किया।
इस्लामिया इंटर कॉलेज में अपर सिविल जज (सीडी) स्वप्निल पाण्डेय ने पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी। अपर सिविल जज विनय शील ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी परिस्थिति में असहज महसूस होने पर अपने माता-पिता या शिक्षक से बात कर आवश्यक परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और नालसा हेल्पलाइन 15100 के माध्यम से विधिक सहायता प्राप्त करने की जानकारी भी दी।
सलोन तहसील के न्यू स्टैंडर्ड इंटर कॉलेज में कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम न्यायाधिकारी मृणालिनी श्रीवास्तव, ऊंचाहार के महात्मा गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज में ग्राम न्यायाधिकारी पारितोष प्रकाश तथा लालगंज के शिव मोल केपी सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज में ग्राम न्यायाधिकारी तारिफ मुस्तफा खान ने की।
कार्यक्रमों में विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, वन स्टॉप सेंटर से श्रद्धा सिंह, पराविधिक स्वयं सेवक मनोज कुमार प्रजापति समेत शैलेन्द्र, रुचिता यादव, राजेन्द्र कुमार सोनकर, अमिता गुप्ता, पवन कुमार श्रीवास्तव, रितुल कुमार वैश्य, नागार्जुन, ठाकुर प्रसाद, अभिषेक यादव और जितेन्द्र कुमार मौजूद रहे।
Jansaamna