Thursday, October 1, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » 2027 के रण से पहले मथुरा में भाजपा-आरएसएस का मंथन

2027 के रण से पहले मथुरा में भाजपा-आरएसएस का मंथन

मथुरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 3 और 4 अक्टूबर को मथुरा में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक प्रस्तावित है। ब्रज की धरती पर होने वाली इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के प्रमुख नेता शामिल होंगे। संगठन की मौजूदा स्थिति से लेकर आगामी चुनाव की तैयारियों तक कई अहम मुद्दों पर मंथन होने की संभावना है। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की जानकारी है। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और संगठन से जुड़े अन्य पदाधिकारी भी बैठक में मौजूद रह सकते हैं। संघ की ओर से भी वरिष्ठ पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।

बूथ स्तर तक संगठन की होगी पड़ताल

2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए बैठक में संगठन की जमीनी सक्रियता की समीक्षा पर जोर रहेगा। पार्टी के बूथ, मंडल और जिला स्तर के संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक और विभिन्न क्षेत्रों में सामने आ रही स्थानीय चुनौतियों पर चर्चा की जा सकती है। इसके अलावा भाजपा और संघ के बीच समन्वय को लेकर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में संगठनात्मक बैठकों के जरिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से फीडबैक लिया जा रहा है। मथुरा की बैठक इसी प्रक्रिया की अगली कड़ी मानी जा रही है। इसमें आने वाले महीनों के संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों की दिशा तय किए जाने की संभावना है।